ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रभारी मंत्री ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, कहा—शिक्षा व्यक्तित्व निर्माण की पहली सीढ़ी

सिंगरौली। सिंगरौली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 में प्रदेश और जिला स्तर की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम सूर्या भवन में आयोजित हुआ, जिसमें राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग राधा सिंह भी मौजूद रहीं।

समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुष्पमाला, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में खुशी कुशवाहा ने प्रदेश में 8वां स्थान तथा दीप्ति पाण्डेय ने 7वां स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12वीं के अंतर्गत भी कई छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पहली सीढ़ी है। यह व्यक्ति को सही दिशा देती है और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास और नवाचार पर भी ध्यान देने की अपील की।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज के विकास में करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विधायक राम निवास शाह, विधायक राजेन्द्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button