सिंगरौली बैंक लूटकांड का आरोपी डेहरी ऑन सोन स्टेशन से गिरफ्तार, लाखों कैश और सोना बरामद
पोल खोल पोस्ट बिहार। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में हुए चर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड में पुलिस और आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मामले में शामिल एक आरोपी को बिहार के डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलेश कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत गवाल बिघा गांव का निवासी है। आरपीएफ टीम ने उसे उस समय दबोचा जब वह सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस से भागने की फिराक में था।
आरपीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, नियमित गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को आरोपी पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 15 लाख 72 हजार रुपये नकद और लगभग 61 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी बैंक लूट में मिले अपने हिस्से के साथ फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्कता के चलते वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस कार्रवाई में आरपीएफ और जीआरपी की टीमों की अहम भूमिका रही।
इधर, मध्य प्रदेश की सिंगरौली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद पूरे लूटकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और घटनाक्रम का बड़ा खुलासा हो सकता है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सिंगरौली के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पांच हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर कैश और जेवरात लूट लिए थे तथा विरोध करने पर मारपीट और फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी।
फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और लगातार छापेमारी की जा रही है।












