21 अप्रैल को बैढ़न में रक्तदान शिविर, युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

सिंगरौली। सिंगरौली के बैढ़न स्थित प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज में 21 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 9:30 बजे से प्रारंभ होगा।
यह आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना शासकीय महाविद्यालय बैढ़न एवं लायंस क्लब – विद्युत विहार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आयोजकों के अनुसार, शिविर में प्रशिक्षित चिकित्सा टीम की निगरानी में सभी आवश्यक मानकों का पालन करते हुए रक्त संग्रहण किया जाएगा, जिससे दानदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली के चेयरमैन एस. डी. सिंह, सचिव डॉ. ओ. पी. राय और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर. डी. द्विवेदी ने संयुक्त रूप से आमजन, विशेषकर युवाओं से इस पुनीत कार्य में भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान” है और एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से आग्रह किया कि वे शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग इस शिविर में शामिल होकर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।













