ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितरंगी में सामूहिक कन्या विवाह योजना को लेकर विवाद, पात्र हितग्राहियों के साथ अन्याय का आरोप

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के चितरंगी जनपद पंचायत क्षेत्र में सामूहिक कन्या विवाह योजना को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि पात्र गरीब परिवारों की बेटियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

जानकारी के अनुसार, योजना के तहत कुल 418 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें परीक्षण के बाद 369 आवेदन पात्र पाए गए। बावजूद इसके, केवल 100 जोड़ों का ही विवाह कराए जाने की बात सामने आई है, जिसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गरीब, मजदूर, दलित और वंचित वर्ग के साथ अन्याय है, जो इस योजना से लाभान्वित होने की उम्मीद लगाए बैठे थे।

आरोप यह भी लगाए गए हैं कि कई पंचायतों में भेदभाव किया जा रहा है और चयन प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है। कुछ पंचायतों में अधिक आवेदन स्वीकृत होने और अन्य पंचायतों की उपेक्षा को लेकर भी संदेह जताया गया है। इसके चलते जनपद पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।
साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसान कांग्रेस सिंगरौली ग्रामीण एवं आदिवासी कांग्रेस आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Author

Related Articles

Back to top button