ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

हर्रा चंदेल–कटौली में मुआवजा विवाद पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

100 से अधिक रिकॉर्ड सत्यापित, लंबित प्रकरणों के समाधान की दिशा में अहम पहल

सिंगरौली/देवसर। ललितपुर–सिंगरौली रेल परियोजना के तहत लंबित मुआवजे को लेकर ग्राम हर्रा चंदेल और कटौली में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष कैंप आयोजित किया। इस दौरान व्यापक स्तर पर रिकॉर्ड सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमें 100 से अधिक ग्रामीणों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसे वर्षों से लंबित मामलों के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश और उपखंड अधिकारी सौरभ मिश्रा की अनुशंसा पर आयोजित इस अभियान में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट देवसर ऋषि नारायण सिंह के नेतृत्व में राजस्व अमला पूरे समय सक्रिय रहा। कैंप में कानूनगो त्रिलोकी नाथ चतुर्वेदी, संबंधित पटवारी, सरपंच–सचिव, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

अभियान के दौरान वारिसानना, आधार लिंकिंग, खाता विवरण में त्रुटियों सहित अन्य तकनीकी कारणों से लंबित मुआवजा प्रकरणों की गहन जांच की गई। कई मामलों में मौके पर ही सुधार कर आगे की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।

गौरतलब है कि इन दोनों गांवों में मुआवजा भुगतान में देरी को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ था। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से अब समाधान की उम्मीद जगी है और ग्रामीणों का भरोसा बढ़ा है।

पटवारी उदय पाल सिंह ने बताया कि सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को शीघ्र मुआवजा दिलाने को प्राथमिकता दी जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होते ही भुगतान में तेजी लाई जाएगी, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का हक लंबित न रहे।

Author

Related Articles

Back to top button