पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं का मौके पर समाधान

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों में त्वरित और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, चौकी प्रभारी खुटार शीतला यादव, उप निरीक्षक स्वतंत्र रावत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
महिला फरियादियों की शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग की गई और समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने कहा कि सिंगरौली पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित में इस प्रकार की जनसुनवाई आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी, ताकि लोगों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।













