बेतरिया में विकास कार्यों का भूमि पूजन, पुल और सड़क निर्माण की शुरुआत

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र मेश्राम ने मंडल रजमीलान अंतर्गत ग्राम पंचायत बेतरिया में विभिन्न जनकल्याणकारी विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। इस दौरान क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के तहत फुलझरिया नाला पर लगभग 69.35 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह पुल बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी, खासकर बरसात के समय आने-जाने की समस्या से राहत मिलेगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मार्ग से देवगांव टोला बैगा बस्ती तक 0.80 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई, जिसकी लागत लगभग 35.38 लाख रुपये बताई गई है। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा और स्थानीय लोगों को परिवहन सुविधा में सुधार मिलेगा।
विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी ऐसे विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।













