देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम जनता पर महंगाई की नई मार

पेट्रोल 2.61 रुपए और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपए और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया। इसके बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपए और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। महज 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है।

इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई को लगभग 90 पैसे और 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे व डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था। लगातार बढ़ रही कीमतों से परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने की आशंका भी बढ़ गई है।

हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड 98.62 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इसके बावजूद घरेलू बाजार में कीमतें बढ़ने से आम उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक तेल कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 10 रुपए और डीजल पर 13 रुपए प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। वहीं मिडिल ईस्ट के तनावपूर्ण हालात को भी कीमतों में बढ़ोतरी का बड़ा कारण माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button