ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रजनिया में हुआ बोरी बंधान

गंगा दशहरा पर कलश यात्रा निकाल जल संरक्षण का दिया संदेश

सिंगरौली। जिले की आदर्श ग्राम पंचायत रजनिया में गंगा दशहरा के अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिव मंदिर के समीप स्थित बेलहा नाला में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया तथा कलश यात्रा निकालकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद नाले में बोरी बंधान कर जल संचयन का कार्य किया गया।

गंगा दशहरा के अवसर पर गांव में पारंपरिक जल स्रोतों, तालाबों एवं नदियों की साफ-सफाई के साथ जल संवर्धन गतिविधियां संचालित की गईं। अभियान के तहत जल गंगा कलश यात्रा, दीपदान, जल संवाद एवं जल जागरूकता रैली भी निकाली गई। ग्रामीणों ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक जल बचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच प्रियंका सिंह, नवांकुर संस्था राजा भैया बहुउद्देशीय विकास समिति निगरी के कार्यक्रम समन्वयक शिवप्रसाद साहू, सचिव सुखकसेन साहू, रोजगार सहायक संतोष कुमार सिंह, ग्राम विकास प्रस्फूटन समिति अध्यक्ष अजय सिंह सहित समिति के सदस्य, नवांकुर सखी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि अभी से जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है। अभियान के माध्यम से लोगों को जल बचाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button