ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नवजीवन रहवासी कल्याण समिति की नई कार्यकारिणी गठित, राजकिशोर सिंह बने अध्यक्ष

सिंगरौली। नवजीवन रहवासी कल्याण समिति के त्रिवार्षिक कार्यकाल 2026–2029 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन रविवार को आयोजित आमसभा में सर्वसम्मति से किया गया। हर्रई आवासीय-सह-व्यावसायिक योजना स्थित नवजीवन भवन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक एवं संरक्षक राजेंद्र सिंह बघेल ने की। आमसभा में लगभग 300 रहवासियों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत एमआईजी-103 निवासी स्वर्गीय एस.के. ठाकुर को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कार्यकारी सचिव शशिधर गर्ग ने समिति की गतिविधियों, पिछले 13 वर्षों में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों तथा रहवासियों के हित में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सदस्यों से समय पर सदस्यता शुल्क जमा करने और समिति से जुड़े वैधानिक प्रावधानों के पालन की अपील भी की।

नई कार्यकारिणी के चयन के दौरान अधिकांश पदों पर एक-एक नाम प्रस्तावित होने से सर्वसम्मति बनी रही। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए अजय अग्रवाल और राजकिशोर सिंह के नाम सामने आने पर निर्णय टॉस के माध्यम से किया गया। दो महिला सदस्यों की उपस्थिति में हुए टॉस में राजकिशोर सिंह अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके बाद अजय अग्रवाल ने उन्हें बधाई देते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।

नई कार्यकारिणी में शशिधर गर्ग को सचिव तथा सत्यनारायण बंसल को लगातार पांचवीं बार कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर बृजेश पांडेय, आनंद अग्रवाल और समीर सिंह तथा संयुक्त सचिव पद पर शाहनवाज और अजय अग्रवाल को चुना गया। विभिन्न आवासीय क्षेत्रों से कार्यकारी सदस्यों का भी चयन किया गया।

आमसभा के समापन पर राजेंद्र सिंह बघेल ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए पूरे मोहल्ले को एक परिवार मानकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रहवासियों के सहयोग से क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार का कार्य आगे भी जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button