बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नयाटोला में 25 लाख रुपये की लागत से बनेगा सामुदायिक भवन, विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने किया भूमिपूजन

सिंगरौली। जिले के भाजपा मंडल रजनिया अंतर्गत ग्राम पंचायत नयाटोला में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धौहनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह टेकाम उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल रजनिया के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ सिंह ने की।

विधिवत पूजा-अर्चना के साथ आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। जानकारी के अनुसार सामुदायिक भवन के निर्माण पर 25 लाख रुपये की लागत आएगी। भवन के निर्माण से ग्राम पंचायत क्षेत्र में शादी-विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सामुदायिक भवन बनने से ग्रामवासियों को विभिन्न आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा तथा सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत देवसर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजीव तिवारी, एसडीओ संतोष रावत, उपयंत्री राजकुमार दुबे, मंडल अध्यक्ष निवास इंदू विनोद साहू, जनपद सदस्य सुमित्रा सिंह, ग्राम पंचायत नयाटोला की सरपंच श्यामवती सिंह, कुचवाही पंचायत की सरपंच तेरसिया सिंह, सरपंच प्रतिनिधि आनंद प्रताप सिंह, मंडल उपाध्यक्ष रामकृष्ण पांडे, महामंत्री सुरेश कुमार साहू, उपसरपंच बिट्टी प्रजापति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक वंशबहादुर सिंह ने किया। भूमिपूजन समारोह में क्षेत्र की मातृशक्ति, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विकास कार्य के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

Author

Related Articles

Back to top button