बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

यातायात जन-जागरूकता को लेकर सिंगरौली पुलिस का नवाचार

सिंगरौली। जिले में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अनुशासित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के नेतृत्व में शुरू किए गए इस नवाचार का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

अभियान के माध्यम से आमजन को सरल और प्रभावशाली संदेशों द्वारा बताया जा रहा है कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं, परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। पुलिस द्वारा हेलमेट पहनने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, स्टंट और रेसिंग से दूर रहने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा मुख्य मार्ग पर प्रवेश करने से पहले दोनों ओर देखकर आगे बढ़ने जैसे महत्वपूर्ण नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।


सिंगरौली पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर की सुरक्षा करता है और जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी प्रकार दोपहिया वाहन पर तीन सवारी करने से वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। वहीं नशे में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता प्रभावित होती है, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़कें स्टंट और रेसिंग के लिए नहीं हैं। ऐसे कृत्य न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी जोखिम पैदा करते हैं। गलत दिशा में वाहन चलाना और बिना देखे मुख्य सड़क पर प्रवेश करना भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कई अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित रख सकता है। सिंगरौली पुलिस का यह अभियान लोगों को जागरूक कर सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button