सिंगरौली में आंधी-तूफान का कहर, प्रतीक्षालय पर पेड़ गिरने से महिला की मौत, दो बच्चे गंभीर

सिंगरौली जिले में रविवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नवानगर थाना क्षेत्र के महुआमोड़ में सड़क किनारे बने एक प्रतीक्षालय पर विशाल पेड़ गिर जाने से 30 वर्षीय महिला सुनीता शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के वक्त बारिश से बचने के लिए प्रतीक्षालय में एक दर्जन से अधिक लोग खड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पेड़ गिरने से अधिकांश लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन सुनीता अपने बच्चों के साथ मलबे में फंस गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन बचाव दल ने सुनीता शाह को मृत पाया। घायल बच्चों को एनसीएल के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए करीब एक घंटे तक हंगामा किया। सूचना मिलते ही तहसीलदार, सीएसपी और नवानगर थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने का काम शुरू किया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।













