सिंगरौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार युवक को वापस मिले 51 हजार रुपये

सिंगरौली- सिंगरौली पुलिस की सक्रियता, तत्परता और साइबर सेल की प्रभावी कार्यवाही के चलते साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक को उसकी पूरी राशि वापस दिलाने में सफलता मिली है। इस कार्रवाई से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति नगर गनियारी रोड, वैढन निवासी राहुल कुमार सोनी (29) ने साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगों द्वारा धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक खाते से 51 हजार रुपये की राशि किसी अन्य खाते में स्थानांतरित कर ली गई थी। घटना के बाद राहुल कुमार सोनी ने मामले की शिकायत सिंगरौली पुलिस से की।
शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल सिंगरौली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने संबंधित बैंक खाते और खाताधारक से संपर्क स्थापित कर आवश्यक जानकारी जुटाई। लगातार प्रयास, तकनीकी जांच और प्रभावी समन्वय के माध्यम से साइबर सेल ने ठगी की गई पूरी राशि को सुरक्षित कराया। इसके बाद 1 जून 2026 को फरियादी राहुल कुमार सोनी को उनके 51 हजार रुपये वापस दिला दिए गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। प्रकरण में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक पवन सिंह एवं आरक्षक प्रशांत केशरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राशि वापस मिलने पर राहुल कुमार सोनी ने सिंगरौली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।













