पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में आवेदकों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों में शीघ्र एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
महिला फरियादियों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता दी गई। उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए महिला अधिकारियों द्वारा काउंसलिंग कराई गई तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश प्रजापति, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी नवानगर अनिल पटेल, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, चौकी प्रभारी खुटार शीतला यादव, चौकी प्रभारी सासन संदीप नामदेव, चौकी प्रभारी जयंत अरुण सिंह, उप निरीक्षक स्वतंत्र रावत सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।सिंगरौली पुलिस ने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए इस प्रकार की जनसुनवाई आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।













