आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैनी निवासी तुलसीदास कोल (पिता जियालाल कोल) मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।मौसम विभाग द्वारा लगातार खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे तथा ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से सुरक्षित रहा जा सके।













