खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़, ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक समेत तीन गिरफ्तार

पटना। बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक Khan Sir के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और गार्ड के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद भी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा पथराव और तोड़फोड़ किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। जांच में पता चला कि पास स्थित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोगों ने कथित रूप से इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के दौरान कोचिंग संस्थान में तैनात एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की गई। घायल गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में खान ग्लोबल स्टडीज के एक कर्मचारी की शिकायत पर संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के अलावा अभिषेक और गौरव नामक दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल चार से पांच अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी वर्ष 2019 में खान जीएस रिसर्च सेंटर को निशाना बनाया गया था। 10 मई 2019 को कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित संस्थान के बाहर अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर दो देसी बम फेंके थे। उस घटना में भी पुलिस ने जांच कर आरोपियों की तलाश की थी।
पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













