बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर, पांच की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

 

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन-भोपाल मार्ग पर शुक्रवार सुबह बिलखिरिया के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर के बाद हुई, जिसमें एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बस रायसेन से भोपाल की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस भोपाल से सागर जिले के केसली के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 11:30 बजे बिलखिरिया क्षेत्र में दोनों बसों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह नियंत्रण खोकर पुलिया में जा घुसी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जबकि अनेक लोगों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू किया।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। प्रशासन की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button