बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 8 ट्रक चालकों पर कार्रवाई, वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए सिंगरौली यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले आठ भारी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार 4 और 5 जून 2026 की मध्यरात्रि को शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर औचक जांच अभियान चलाया गया। निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा तथा पुराने ट्रैफिक तिराहे पर अलग-अलग टीमों द्वारा वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान करीब 57 वाहनों की जांच कर चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

जांच के दौरान छह ट्रक और दो ट्रेलर सहित कुल आठ भारी वाहनों के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया और प्रकरणों को निराकरण के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया।यातायात पुलिस ने बताया कि न्यायालय द्वारा अब तक दो वाहनों के मामलों में 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है, जबकि शेष मामलों का निराकरण आगामी दिनों में किया जाएगा।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से चालक का मानसिक संतुलन और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से जिले में लगातार जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में भी शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पिछले वर्षों की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार सभी दोषी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस छह माह के लिए निलंबित किए जाने हेतु प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब या किसी भी मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं तथा स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

Author

Related Articles

Back to top button