ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

महाराणा प्रताप के नाम पर उद्यान का नामकरण करने की मांग, क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने नगर निगम को सौंपा ज्ञापन

जुड़वा तालाब स्थित पार्क को "वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी उद्यान" घोषित करने की मांग; महापौर और आयुक्त ने सकारात्मक विचार का दिया आश्वासन

सिंगरौली- वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी के सम्मान में जुड़वा तालाब स्थित उद्यान का नामकरण उनके नाम पर किए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को क्षत्रिय कुलावंत संगठन, सिंगरौली के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिक निगम पहुंचकर महापौर एवं आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जुड़वा तालाब स्थित उद्यान में महाराणा प्रताप जी की भव्य प्रतिमा स्थापित है। साथ ही उद्यान के उद्घाटन अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से इस उद्यान का नाम “वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी उद्यान” रखने की घोषणा भी की गई थी। इसके बावजूद आज तक न तो शासकीय अभिलेखों में और न ही उद्यान के मुख्य द्वार पर उक्त नाम अंकित किया गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि महाराणा प्रताप केवल एक ऐतिहासिक शासक नहीं, बल्कि त्याग, शौर्य, आत्मसम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण के जीवंत प्रतीक हैं। उनका जीवन संघर्ष और स्वाभिमान की ऐसी प्रेरक गाथा है, जो आज भी युवाओं को राष्ट्रहित और समाज सेवा के लिए प्रेरित करती है। ऐसे महापुरुष के नाम पर उद्यान का नामकरण उनके आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन से मांग की गई कि सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र ही उद्यान का आधिकारिक नाम “वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी उद्यान” घोषित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

नगर निगम महापौर एवं आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुना और विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में परीक्षण कराया जाएगा।

इस अवसर पर संगठन प्रमुख अंकित सिंह ने कहा कि क्षत्रिय कुलावंत संगठन समाज, संस्कृति और राष्ट्र गौरव से जुड़े विषयों को लेकर सदैव सक्रिय रहा है। संगठन का उद्देश्य किसी वर्ग विशेष तक सीमित न होकर देश के महान विभूतियों के सम्मान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंह गहरवार, तहसील अध्यक्ष माड़ा विकेश सिंह, बृजभूषण सिंह,वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र सिंह गहरवार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम प्रशासन समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द ही उद्यान का नाम वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी के नाम पर घोषित करेगा।

Author

Related Articles

Back to top button