रीवा संभाग आयुक्त के निर्देश पर सिंगरौली में 16 जुलाई से शुरू होंगे विशेष स्वास्थ्य-पोषण शिविर
सिंगरौली, मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन की लोक कल्याणकारी नीतियों के अनुरूप आमजनों को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए सिंगरौली जिले में विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। आयुक्त रीवा संभाग श्री शीलेन्द्र सिंह के निर्देशों के पालन में तथा कलेक्टर श्री गौरव बैनल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 29 जुलाई 2026 तक विशेष ‘स्वास्थ्य-पोषण शिविरों’ का आयोजन समस्त विकासखंडों तथा नगरीय क्षेत्रों में किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, इन शिविरों का उद्देश्य मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण स्तर में सुधार तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों को मजबूत करना है। यह शिविर निर्धारित तिथियों में सुबह 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित होंगे। शिविरों में मुख्य रूप से गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। साथ ही मौके पर ही आयुष्मान कार्डों का निर्माण, क्षय रोग की जांच तथा पोषण एवं गैर-संचारी रोग प्रणालियों पर जानकारी दर्ज करने का कार्य भी किया जाएगा।
अभियान के तहत वैढन, देवसर और चितरंगी विकासखंडों के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगेंगे, जिनकी शुरुआत 16 जुलाई को खुटार, बंधा, कुंदवार व नैकहवा से होगी। इसके बाद 29 जुलाई तक विभिन्न ग्रामों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके सफल संचालन के लिए समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों, परियोजना अधिकारियों तथा चिकित्सकों, आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं सहित पूरे मैदानी अमले को मुस्तैद किया गया है। इसके अलावा, संभाग आयुक्त के निर्देशानुसार जिले के समस्त प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी प्रतिदिन शिविर आयोजित कर प्रगति लाना सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।













