बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिहावल को विकास की नई सौगात, विधायक विश्वामित्र पाठक ने किया लोकार्पण-भूमि पूजन, विद्यार्थियों को बांटी साइकिलें

 

सिंगरौली। सिहावल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक विश्वामित्र पाठक ने ग्राम पंचायत पतुलखी, नकझरकला एवं खुटेली में आयोजित कार्यक्रमों में करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया गया। विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत पतुलखी में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। वहीं खुटेली में हनुमान मंदिर परिसर में चबूतरा एवं शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही पीएम श्री विद्यालय में पीसीसी एवं बाउंड्रीवाल निर्माण तथा शिवलाल विश्वकर्मा के घर से बसोर बस्ती तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुटेली एवं नकझरकला के छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, छात्रवृत्ति, मध्यान्ह भोजन और साइकिल वितरण जैसी योजनाएं विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

अपने संबोधन में विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय ने विभिन्न निर्माण कार्यों की लागत एवं उपयोगिता की जानकारी दी, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी छोटेलाल सिंह ने शिक्षा विभाग की योजनाओं और साइकिल वितरण कार्यक्रम पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा विधायक विश्वामित्र पाठक का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इसके पश्चात “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button