12वीं पास होने की खुशी फीकी, मिठाई में कथित कॉकरोच मिलने से मचा हड़कंप
देवसर के राजस्थान मिष्ठान भंडार की मिठाई पर उठे सवाल, जांच और कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। देवसर स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार से खरीदी गई मिठाई में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, देवसर के व्यापारी शिवकुमार गुप्ता के पुत्र विवेक गुप्ता तथा प्रियांशु गुप्ता (पिता पिंटू गुप्ता) ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होने की खुशी में राजस्थान मिष्ठान भंडार से एक किलो मिठाई खरीदी थी। इसके बाद दोनों सरस्वती शिशु मंदिर, देवसर पहुंचे, जहां टीसी और अंकसूची लेने के दौरान उन्होंने विद्यालय के आचार्य रामसिया साहू सहित अन्य शिक्षकों को मिठाई वितरित की।
बताया जा रहा है कि मिठाई खाते समय आचार्य रामसिया साहू को कुछ असामान्य महसूस हुआ। उन्होंने तुरंत मिठाई मुंह से निकालकर देखी तो उसमें कथित रूप से कॉकरोच मिला। इसके बाद विद्यालय परिसर में मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और मामले की चर्चा शुरू हो गई।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने राजस्थान मिष्ठान भंडार की मिठाइयों की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जांच में लापरवाही या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में राजस्थान मिष्ठान भंडार या खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले की सत्यता और जिम्मेदारी का निर्धारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।













