बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कॉलेज मार्ग पर फूटी पाइपलाइन से रोजाना लाखों लीटर पानी बर्बाद, राहगीरों को हो रही परेशानी

सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न के कॉलेज मार्ग स्थित संस्कार वैली स्कूल और बबन चौराहे के बीच नल-जल योजना की पाइपलाइन फूटने से प्रतिदिन लाखों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। सड़क पर लगातार पानी बहने से कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर शासकीय महाविद्यालय, दर्जनों कोचिंग संस्थान, कई निजी विद्यालय तथा भाजपा जिला अध्यक्ष का निवास भी स्थित है। इसके बावजूद लंबे समय से पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। लोगों ने बताया कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है और आए दिन फिसलने का खतरा बना रहता है।

वार्डवासियों के अनुसार, इस समस्या की शिकायत कई बार 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक न तो संबंधित विभाग ने कोई कार्रवाई की और न ही नगर निगम ने इस ओर ध्यान दिया। यह वार्ड न 30 और वार्ड 42,40 का वार्डर कहलाता है! स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एक ओर जिले के कई घर आज भी नल-जल योजना के कनेक्शन के बावजूद नियमित पानी से वंचित हैं, जबकि दूसरी ओर प्रतिदिन लाखों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। वार्ड वासियो का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत कर दी जाए तो सैकड़ों घरों तक पर्याप्त पानी पहुंचाया जा सकता है।

वार्ड वासियो ने यह भी आरोप लगाया कि नल-जल योजना के तहत कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे क्षेत्र की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button