मासूम की मौत से फूटा गुस्सा: तेज रफ्तार ऑटो ने ली तीन वर्षीय बच्ची की जान, 12 घंटे तक लगा रहा जाम

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत भरसेड़ा गांव में तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग पर करीब 12 घंटे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, हत्या का मामला दर्ज करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे भूईमाड़ निवासी एक युवक ऑटो (क्रमांक MP53 ZD 2343) को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान भरसेड़ा निवासी रवि साकेत की तीन वर्षीय पुत्री शोभा साकेत ऑटो की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया। थाना प्रभारी प्रह्लाद मर्सकोले ने बताया कि प्रदर्शन करीब 12 घंटे तक चलता रहा। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने फरार चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक वे अपनी मांगों पर अडिग रहेंगे।













