बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तेज रफ्तार डंपर पलटने से टला बड़ा हादसा, लाखों की मशीनरी क्षतिग्रस्त

देवसर मुख्य बाजार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा डंपर, चालक वाहन छोड़कर फरार; भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल

सिंगरौली/देवसर। देवसर मुख्य बाजार में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर पूर्व बाईपास के समीप राखड़ से भरा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में तिवारी मशीनरी दुकान के बाहर रखा लाखों रुपये मूल्य का मशीनरी सामान डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीजी 15 ईई 5449 नंबर का डंपर सिंगरौली से राखड़ लेकर सीधी की ओर जा रहा था। देवसर बाजार में तिवारी मशीनरी दुकान के सामने अचानक चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और डंपर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जियावन थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने बताया कि डंपर सड़क किनारे रखे मशीनरी सामान पर पलटा है। यदि वाहन कुछ फीट आगे बढ़कर दुकान या उससे सटे मकान पर पलटता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने देवसर बाजार से गुजरने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की गति सीमित करने, नियमित पुलिस निगरानी बढ़ाने तथा प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Author

Related Articles

Back to top button