पीएम आवास योजना शहरी 2.0: वैढन में छात्राओं ने निबंध, चित्रकला और क्विज के जरिए बताई पक्के मकान की अहमियत

सिंगरौली 22 जुलाई 2026/प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत नगर पालिक निगम में आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के कुशल निर्देशन में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वैढन में छात्राओं के लिए निबंध, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन विभिन्न गतिविधियों में 200 से अधिक छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और अपनी कला, विचारों व शब्दों के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास की उपयोगिता और समाज में इसकी महत्ता को बेहद खूबसूरती से रेखांकित किया।
योजना की नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त श्रीमती ज्योति सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं की विजेता छात्राओं की घोषणा की गई। निबंध लेखन प्रतियोगिता में खुशनुमा अख्तर ने प्रथम, शशि सोधिया ने द्वितीय और शिवानी चौबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सामान्य ज्ञान की क्विज प्रतियोगिता में कुमारी अनुष्का ने पहला, पूजा यादव ने दूसरा और स्नेहा शाह ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए चित्रकला प्रतियोगिता में प्रज्ञा उपाध्याय प्रथम, अंशु दुबे द्वितीय और प्रिया विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के दौरान सभी मुख्य विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त श्रीमती ज्योति सिंह ने इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना की और सभी विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में छात्राओं को प्रधानमंत्री आवास योजना की उपयोगिता और आवेदन करने की पूरी प्रक्रियाओं को सरल शब्दों में समझाया। इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और अपने आस-पास के पात्र व जरूरतमंद हितग्राहियों को इस योजना के बारे में सूचित कर जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति पक्के मकान के लाभ से वंचित न रहे।













