सिंगरौली पुलिस के दो उप निरीक्षक बने निरीक्षक
एसपी षियाज़ के.एम. ने कंधों पर स्टार लगाकर किया सम्मानित, नई जिम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत सिंगरौली जिले में पदस्थ दो उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित गरिमामय पदोन्नति समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर निरीक्षक के स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया।

पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में श्री अभिमन्यु द्विवेदी एवं सुश्री प्रीति साकेत शामिल हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति किसी भी अधिकारी की उत्कृष्ट कार्यशैली, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अधिकारी नई जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने भी दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जनता के प्रति संवेदनशील और निष्पक्ष पुलिसिंग के लिए प्रेरित किया।
समारोह में रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, सूबेदार श्री आशिष तिवारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।












