बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली ने किया शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण

हस्ताक्षर कर विद्यालय से अनुपस्थित मिले दो शिक्षक, कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

सिंगरौली,/ शासकीय योजनाओं के सुचारू संचालन की जांच के लिए आज उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली श्री सुरेश जाधव द्वारा विभिन्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान जरहा में न तो दुकान का नाम प्रदर्शित मिला और न ही स्टॉक-भाव सूचीय इसके अतिरिक्त हितग्राहियों ने राशन वितरण में 1 किलोग्राम की कटौती किए जाने की शिकायत भी की। वहीं, शासकीय उचित मूल्य दुकान खुटार बंद पाई गई, जिसे मौके पर खुलवाकर दुकान के सामने फैली गंदगी के लिए विक्रेता को कड़ी फटकार लगाते हुए स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

वही शासकीय हाईस्कूल जरहा के निरीक्षण में शिक्षक सुनील कुमार पाण्डेय एवं के0एन0 गुप्ता उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर करके स्कूल से नदारद मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। इसके साथ ही, स्कूल में दर्ज संख्या की तुलना में बेहद कम मध्यान्ह भोजन तैयार करने पर संबंधित स्व-सहायता समूह के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश ब्लॉक रिसोर्स सेंटर को दिए गए। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र खुटार की सहायिका ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं और उपस्थित कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं करा सकीं। उपखण्ड अधिकारी, सिंगरौली ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और आम जनता के हक में की जाने वाली कटौती कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले सभी संबंधितों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button