राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप, बिना रिश्वत नहीं हो रहे काम : कांग्रेस नेता रिंकू
नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे कार्यों में देरी का लगाया आरोप, कलेक्टर और मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। जिले की राजस्व व्यवस्था को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बैढ़न के अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद खान रिंकू ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग में आम नागरिकों और किसानों के काम बिना रिश्वत के नहीं किए जा रहे हैं, जिसके कारण जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस नेता ने कहा कि जिले में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रकरण निर्धारित समय-सीमा के बावजूद लंबित रखे जा रहे हैं, जिससे किसानों और आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।
मोहम्मद शाहिद खान रिंकू ने कहा कि राजस्व विभाग जनता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है, जहां छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपनी मनमानी कर रहे हैं, जिससे शासन की छवि प्रभावित हो रही है।
उन्होंने जिला कलेक्टर सिंगरौली एवं मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन से मांग की है कि राजस्व विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाए। साथ ही भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और कार्यों में लापरवाही के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी आम जनता तक पहुंच पाएगा, जब प्रशासनिक व्यवस्था पारदर्शी और जवाबदेह होगी। उन्होंने किसानों और नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर राजस्व व्यवस्था में सुधार की मांग की है।













