देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं
जयंत स्थित निवास पर जनसुनवाई, लोगों से आत्मीय मुलाकात कर समाधान का दिया भरोसा

सिंगरौली। देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने अपने जयंत स्थित निज निवास पर क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी विधायक से मिलने पहुंचे। लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक मेश्राम ने प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देने की बात कही।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि के रूप में जनता से निरंतर संवाद बनाए रखना और उनकी परेशानियों को दूर करना ही उनकी जिम्मेदारी है।उन्होंने क्षेत्रवासियों से कहा कि विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। विधायक की सहज उपलब्धता और आत्मीय व्यवहार से पहुंचे लोगों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।













