पुराना बस स्टैंड रोड के नवीनीकरण को मंजूरी
सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक के प्रयास रंग लाए, बाजार को मिलेगी जाम और धूल से राहत

सिंगरौली/सिहावल विधानसभा क्षेत्र के अपेक्षित देवसर ब्लॉक को सड़क विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत नौढिया क्षेत्र में स्थित पुराना बस स्टैंड रोड पर संगम ड्रेसेस से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया तक सड़क के नवीनीकरण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। यह स्वीकृति सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक के प्रयासों से मिली है।
काफी समय से यह सड़क जर्जर होने के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की मरम्मत एवं नवीनीकरण से अब लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही देवसर बायपास मार्ग के दुरुस्त होने के बाद भारी वाहनों का आवागमन मुख्य बाजार के बजाय बायपास से कराया जाएगा। इससे बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और धूल-प्रदूषण पर भी नियंत्रण लगेगा। इसका सीधा लाभ स्थानीय व्यापारियों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को मिलेगा।
सड़क नवीनीकरण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए विधायक विश्वामित्र पाठक के प्रयासों की सराहना की। लोगों का कहना है कि यह कार्य देवसर ब्लॉक की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।













