बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बेकाबू हाईवा ने ली युवक की जान, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

बड़ोखर में कोयला वाहन की टक्कर से भलुगढ़ निवासी राजेश विश्वकर्मा की मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हुआ जमकर बवाल

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर गांव में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, भलुगढ़ निवासी राजेश विश्वकर्मा किसी काम से जा रहे थे, तभी कोयला लेकर हिंडालको महान प्लांट की ओर जा रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और हाईवा चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गए।

सूचना मिलते ही बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button