देवसर को मिली बड़ी सौगात, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का होगा 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक राजेंद्र मेश्राम को दी बधाई, जनकल्याण की दिशा में बताया महत्वपूर्ण निर्णय

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई (देवसर) का उन्नयन कर उसे 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम को पत्र भेजकर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि राज्य शासन के इस निर्णय से देवसर क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने इसे विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक राजेंद्र मेश्राम को शुभकामनाएं दीं।
पत्र में मुख्यमंत्री ने विधायक से आग्रह किया है कि इस जनहितकारी निर्णय की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित हो। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी इस उपलब्धि का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय केवल देवसर विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल बनने से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाएं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों को बड़े शहरों की ओर रेफर होने की आवश्यकता भी कम होगी।
क्षेत्रवासियों ने राज्य शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अस्पताल के उन्नयन का कार्य शीघ्र शुरू होगा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द ही आम जनता को उपलब्ध होंगी।













