बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव मंगलवार को, किसानों से लेकर युवाओं के मुद्दों पर होगा प्रदर्शन

खाद-बीज टोकन व्यवस्था खत्म करने, 24 घंटे बिजली, स्थानीय युवाओं को 70% रोजगार सहित कई मांगों को लेकर दोपहर 12 बजे जुड़वा तालाब से शुरू होगा आंदोलन

सिंगरौली। जिले की विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली (शहर एवं ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में 21 जुलाई को जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। दोपहर 12 बजे जुड़वा तालाब, कलेक्ट्रेट परिसर के समीप से शुरू होने वाले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान एवं ग्रामीण अध्यक्ष सरस्वती सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि जिले में किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर शासन-प्रशासन की उदासीनता के विरोध में यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में किसानों के लिए लागू खाद-बीज टोकन व्यवस्था समाप्त करने, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, लाड़ली बहना योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के बंद पोर्टल पुनः शुरू करने, अंबेडकर चौक स्थित शॉपिंग प्लाजा निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच तथा नगर निगम में भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग शामिल की है।

इसके अलावा जर्जर सड़कों का निर्माण, कोयला परिवहन के लिए बाईपास सड़क, भूमि अर्जन मुआवजा विवादों का समाधान, डीएमएफ फंड का जिले के विकास कार्यों में उपयोग, डी-2 आवास विवाद का निराकरण, जिला ट्रॉमा सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने तथा निजी कंपनियों में 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग भी उठाई जाएगी।

कांग्रेस ने राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, उप-स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित तैनाती तथा पिछले छह माह से लंबित निराश्रित, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

जिला कांग्रेस नेतृत्व ने पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व महापौर, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल सहित जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि यह आंदोलन जनता के अधिकारों, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और जिले के समग्र विकास के लिए आयोजित किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button