संगठन विस्तार और जन-कल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे कार्यकर्ता- पवन पाटीदार
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे सिंगरौली। कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

सिंगरौली- भारतीय जनता पार्टी जिला सिंगरौली कार्यालय में आज पिछड़ा वर्ग मोर्चा के भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुंदर लाल शाह ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, श्री राम पटेल, और मऊगंज पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. आनंद साहू भी मंच पर आसीन रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश वैश्य के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यालय आगमन के पूर्व पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मार्ग में जगह-जगह पर प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ ऐतिहासिक व भव्य स्वागत किया।
सर्व समाज और ओबीसी वर्ग के योगदान से सिंगरौली में खिला कमल: सुंदर लाल शाह
स्वागत भाषण देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुंदर लाल शाह ने पवन पाटीदार के प्रथम सिंगरौली आगमन पर संपूर्ण जिला संगठन की ओर से उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने जिला संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
“मध्य प्रदेश के साथ-साथ सिंगरौली जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत में सर्व समाज के साथ-साथ ओबीसी (पिछड़ा वर्ग) समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और रीढ़ की हड्डी के समान रही है। पवन पाटीदार जी ने प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद से अब तक 50 से अधिक जिलों का तूफानी प्रवास कर जमीनी कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंका है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहाँ वंशवाद नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का सम्मान होता है। जो कार्यकर्ता लगन, ईमानदारी और समर्पण से पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुँचाता है, शीर्ष नेतृत्व उसे पहचान कर हमेशा आगे बढ़ाने और सम्मानित करने का काम करता है।”

‘संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो’ के मंत्र से आएगी वैचारिक क्रांति: पवन पाटीदार
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं को ऊर्जा से भरते हुए पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार ने सिंगरौली के कार्यकर्ताओं के भव्य और आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा तक के सफर, वैचारिक यात्रा और ‘संकल्प से सिद्धि’ के संकल्प को रेखांकित किया। “हमें ‘संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ना है। हमारे पितृ पुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने जिस अंत्योदय (समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय) का सपना देखा था, उसे आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार धरातल पर उतार रही है। मोदी सरकार ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़े वर्ग को उनका वास्तविक अधिकार और सम्मान दिया है। गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास और उज्ज्वला जैसी योजनाएं बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम छोर पर बैठे गरीब, वंचित और पिछड़े वर्ग के जीवन को बदल रही हैं। विपक्ष ने हमेशा पिछड़े वर्ग का इस्तेमाल सिर्फ वोट बैंक के रूप में किया, लेकिन भाजपा ने उन्हें नेतृत्व और अधिकार दिए हैं। अब प्रत्येक कार्यकर्ता का यह दायित्व है कि वह सरकार की इन कल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुँचाए और समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रवाद की मुख्यधारा (भाजपा) से जोड़कर संगठन का विस्तार करे।”
इस महासम्मेलन में सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, पूर्व विधायक रामलल्लू बैंस, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमवती खैरवार, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री सीमा जायसवाल, विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष दिलीप शाह, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक रमापति जायसवाल सहित भारतीय जनता पार्टी एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सभी जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र के संयोजक और भारी संख्या में निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयकारों के साथ संगठन कार्य को बूथ स्तर तक मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।













