बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशरीवा

खड़ी बस में ट्रक की टक्कर, 12 से अधिक यात्री घायल

मैहर के अमरपाटन में देर रात हुआ हादसा, गंभीर घायलों का रीवा में उपचार जारी

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रीवा से नागपुर जा रही विजयंत ट्रैवल्स की बस सड़क किनारे यात्रियों को उतार रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एंबुलेंस से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विजयंत ट्रैवल्स की बस रीवा से नागपुर जा रही थी। अमरपाटन के पड़हा क्षेत्र के पास बस चालक सवारियों को उतारने के लिए वाहन रोककर खड़ा था। इसी दौरान मिर्जापुर से गुजरात की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक पीछे से बस से टकरा गया।

हादसे में घायल अधिकांश यात्री रीवा, मऊगंज और मैहर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। चिकित्सकों की टीम गंभीर घायलों का उपचार कर रही है। पुलिस ने ट्रक और बस दोनों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सुरक्षित दूरी नहीं बनाए रखना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

Author

Related Articles

Back to top button