कोर्ट परिसर में दर्दनाक हादसा: बारिश से बच रहे लोगों पर गिरी जर्जर दीवार, दो की मौत

सीधी। जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज बारिश के दौरान न्यायालय परिसर में बने एक पुराने भवन की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में चार लोग आ गए। हादसे के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब चार बजे न्यायालयीन कार्य से पहुंचे लोग बारिश से बचने के लिए भवन की आड़ में खड़े थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई। हादसे में सुखसेन केवट और राम सजीवन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश केवट और सझाही साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर बचाव अभियान चलाया गया और यह सुनिश्चित किया गया कि मलबे में कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश और भवन की जर्जर स्थिति को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद न्यायालय परिसर में पुराने भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें सुरक्षित बनाने तथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।













