डॉक्टर की अपॉइंटमेंट के नाम पर साइबर ठगी, एपीके फाइल डाउनलोड करते ही महिला के खाते से 51 हजार उड़ाए
वॉट्सऐप पर भेजी गई फाइल से मोबाइल हुआ हैक, पुलिस ने शुरू की जांच

जबलपुर। शहर में डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक महिला को वॉट्सऐप पर एपीके (APK) फाइल भेजकर उसका मोबाइल हैक कर लिया और बैंक खाते से 51,699 रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर अधारताल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अधारताल क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय कनक खेमचंदानी ने बताया कि 12 जुलाई को उन्होंने डॉक्टर की अपॉइंटमेंट के लिए एक नंबर पर संपर्क किया था। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने मरीज का विवरण लेने के बाद अपॉइंटमेंट बुक होने की बात कही और जानकारी सत्यापित करने के बहाने वॉट्सऐप पर एक एपीके फाइल भेज दी। महिला ने फाइल डाउनलोड कर खोली, जिसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया।
कुछ दिन बाद बैंक खाते से रकम कटने के संदेश मिलने पर उन्होंने जांच की तो पता चला कि उनके खाते से 50 हजार रुपये एक बैंक खाते में और 1,699 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। बैंक से जानकारी लेने पर सामने आया कि मोबाइल हैक होने के कारण यह साइबर ठगी हुई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल डाउनलोड न करें और बैंकिंग संबंधी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें।













