देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सिक्किम की निर्माणाधीन सुरंग में भूस्खलन, 7 मजदूरों की मौत

20 मजदूर अब भी फंसे, मीथेन गैस रिसाव से राहत कार्य में आ रही कठिनाई

गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग पर हुए भीषण भूस्खलन में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 मजदूर अब भी सुरंग के भीतर फंसे हुए हैं। हादसे के बाद सुरंग का प्रवेश द्वार मलबे से पूरी तरह बंद हो गया, जिससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया है।

प्रशासन के अनुसार हादसा मामरिंग क्षेत्र स्थित समरदुंग सुरंग में हुआ, जहां तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना के लिए निर्माण कार्य चल रहा था। जिला प्रशासन ने बताया कि सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों की संख्या का सत्यापन किया जा रहा है और इसमें बदलाव संभव है।

राहत कार्य में सबसे बड़ी बाधा सुरंग के अंदर मीथेन गैस रिसाव की आशंका, सीमित जगह और खराब रोशनी बन रही है। गैस के प्रभाव से कई बचावकर्मियों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके चलते रेस्क्यू अभियान सावधानीपूर्वक चलाया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस विशेष बचाव दल भी बुलाया गया है। बचावकर्मी गैस मास्क पहनकर सुरंग में फंसे मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि मौके पर एंबुलेंस और चिकित्सा दल भी तैनात किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Author

Related Articles

Back to top button