जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र गोभा एवं आगनवाड़ी केन्द्र चरगोड़ा का किया निरीक्षण
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए गांवों में स्वास्थ्य दल भेजने के दिए निर्देश

गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच कर जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश
सिंगरौली, । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने उप स्वास्थ्य केन्द्र गोभा एवं आगनवाड़ी केन्द्र चरगोड़ा का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, मरीजों के उपचार, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ओपीडी के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ चिकित्सकों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि वर्तमान में मौसमी बुखार, सर्दी-जुकाम एवं लूज मोशन से पीड़ित मरीज उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य दल गठित कर गांवों में भेजे जाएं, ताकि बीमार नागरिकों को उनके गांव में ही समय पर बेहतर स्वास्थ्य उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि पेयजल स्रोतों की स्वच्छता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से समन्वय कर जल स्रोतों में क्लोरीन की गोलियां एवं ब्लीचिंग पाउडर का आवश्यकतानुसार छिड़काव कराया जाए। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में दर्ज गर्भवती महिलाओं की जानकारी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समयानुसार सभी गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए तथा जांच से संबंधित जानकारी अनिवार्य रूप से पोर्टल पर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
कलेक्टर ने सिवियर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसी सभी महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को निर्देशित किया कि सिवियर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की सतत निगरानी करते हुए उन्हें आवश्यक दवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यकता होने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की भी जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से लगातार निगरानी एवं फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केन्द्र चरगोड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र में संधारित पंजियों का अवलोकन करते हुए केन्द्र की व्यवस्थाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज नौनिहालों एवं गर्भवती महिलाओं की संख्या तथा उन्हें प्रदान की जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि पात्र बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार का नियमित एवं समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रभावी रूप से मिल सके।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अपने समक्ष आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज बच्चों का वजन भी कराया तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने तथा बच्चों की नियमित स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













