जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बघमनवा का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश,बिना अवकाश स्वीकृति अनुपस्थित शिक्षकों के वेतन कटौती के निर्देश

सिंगरौली,। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बघमनवा का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन एवं परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक को विद्यालय में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय में बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए शिक्षक श्री महेश कुमार एवं श्रीमती रूपाली राव धेकर के वेतन कटौती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की नियमित उपस्थिति उसके बेहतर शैक्षणिक भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जो बच्चे नियमित रूप से विद्यालय नहीं आ रहे हैं, उन्हें भी विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कलेक्टर ने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन का भी अवलोकन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय के सामने प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार दिए जाने वाले भोजन की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रतिदिन के भोजन की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, आसपास के क्षेत्र एवं विद्यार्थियों के उपयोग वाले स्थानों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित विद्यालय का वातावरण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और अध्ययन के लिए अनुकूल होता है। विद्यालय परिसर में कहीं भी गंदगी, कचरा अथवा जलभराव की स्थिति न बने, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।













