अमृतसर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट 17 घंटे लेट, यात्रियों का फूटा गुस्सा; काउंटर पर काटा हंगामा, की नारेबाजी

अमृतसर। अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई जब स्पाइसजेट की अंतरराष्ट्रीय उड़ान 17 घंटे लेट हो गई। एयरलाइन प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी और वैकल्पिक व्यवस्था न मिलने से आक्रोशित यात्रियों ने टिकट काउंटर पर जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों के साथ तीखी बहस करते हुए एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी की।
सुबह 8:40 की उड़ान में 17 घंटे की देरी
यात्रियों के अनुसार, दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट का निर्धारित समय रविवार सुबह 8:40 बजे था। पहले प्रबंधन ने इसके समय में बदलाव कर सुबह 11:00 बजे का समय दिया। इसके बाद काउंटर पर अचानक सूचना दी गई कि फ्लाइट करीब 17 घंटे की देरी से संचालित होगी। एकाएक इतनी लंबी देरी की खबर मिलते ही यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया।
धूप में बैठे रहे बच्चे व परिजन, मदद के लिए नहीं आया कोई अधिकारी
फ्लाइट में देरी के कारण कई यात्री अपने छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ परेशान होते नजर आए। यात्रियों का गंभीर आरोप है कि एयरलाइन की तरफ से देरी का कोई ठोस कारण नहीं बताया जा रहा है और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्या सुनने सामने आया। इसके अलावा, यात्रियों के ठहरने के लिए होटल या किसी वैकल्पिक उड़ान का कोई उचित प्रबंध भी नहीं किया गया।
डीजीसीए के नियमों के तहत रिफंड व वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
यात्रियों ने डीजीसीए (DGCA) के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि इतनी लंबी देरी होने पर एयरलाइन को पूरा रिफंड अथवा अन्य वैकल्पिक फ्लाइट की सुविधा प्रदान करनी चाहिए। यात्रियों ने मांग की है कि प्रबंधन तुरंत देरी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे और उन्हें वैकल्पिक टिकट, नियमानुसार रिफंड तथा ठहरने की मूलभूत सुविधाएं अविलंब उपलब्ध कराए।













