देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मुंबई एयरपोर्ट पर 10.75 करोड़ का सोना जब्त, डीआरआई के ‘ऑपरेशन मिडनाइट गोल्डस्ट्राइक’ में 5 बांग्लादेशी व 1 एयरपोर्ट कर्मी गिरफ्तार

 

मुंबई। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की मुंबई जोनल यूनिट ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रहे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मिडनाइट गोल्डस्ट्राइक’ के तहत 10.75 करोड़ रुपये मूल्य का 6.859 किलोग्राम 24-कैरेट सोना जब्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मोम के कैप्सूल में छिपाकर लाया गया था 6.85 किलो सोना

डीआरआई की टीम ने 29 अगस्त को एयरपोर्ट पर घेराबंदी कर ग्राउंड स्टाफ के एक कर्मचारी को पकड़ा, जो मोम (वैक्स) के रूप में सोने की धूल से भरे 7 कैप्सूल लेकर एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकलने की फिराक में था। कड़ाई से पूछताछ के बाद सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की भी धरपकड़ की गई। तलाशी के दौरान कुल 16 कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें 6.859 किलोग्राम 24-कैरेट सोने की धूल भरी थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹10.75 करोड़ आंकी गई है।

5 बांग्लादेशी ट्रांजिट यात्रियों और ग्राउंड स्टाफ का गठजोड़

जांच में सामने आया कि दुबई, बैंकॉक और माले से आने वाले विदेशी ट्रांजिट यात्री एयरपोर्ट के अंदर ग्राउंड स्टाफ को सोना सौंपते थे। इसके बाद कर्मचारी सुरक्षा जांच को चकमा देकर सोने को बाहर निकालने का काम करता था। कस्टम एक्ट, 1962 के तहत सोना जब्त कर गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों में 5 बांग्लादेशी नागरिक और 1 एयरपोर्ट कर्मी शामिल हैं।

सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप, निगरानी बढ़ाई गई

तस्करी के इस संगठित नेटवर्क में एयरपोर्ट स्टाफ की संलिप्तता उजागर होने से सुरक्षा और राजस्व एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के मुताबिक, अंदरूनी कर्मचारियों की मदद से सुरक्षा जांच में सेंध लगाना गंभीर चिंता का विषय है। इस खुलासे के बाद देश के सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button