गया के गुरुपद गिरी पर्वत पर गिरी आकाशीय बिजली: 1 श्रद्धालु की मौत, दो पुलिसकर्मियों सहित 20 से अधिक झुलसे; रेस्क्यू जारी
गया (बिहार)। बिहार की धार्मिक नगरी गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक गुरुपद गिरी पर्वत पर शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत 20 से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए।
बेलागंज के युवक की मौत, मगध मेडिकल कॉलेज रेफर हुए गंभीर घायल
हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालु की पहचान बेलागंज थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। वज्रपात में गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर किया गया है।
फतेहपुर सीएचसी में घायलों का चल रहा इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने राहत कार्य शुरू किया। फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरपा निवासी प्रिया कुमारी, संजय पासवान, खुशी कुमारी, शुभम कुमार (निवासी कांटी), आदल कुमार, आकाश कुमार और सुबोध कुमार सहित अन्य घायलों को लाया गया। इनमें कांटी निवासी शुभम कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
दुर्गम पहाड़ियों पर युद्ध स्तर पर चला राहत अभियान
पर्वत की ऊंचाई और सीढ़ियों वाले दुर्गम रास्तों के चलते घायलों को नीचे उतारने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और अस्पताल पहुंचाने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। प्रशासनिक अधिकारी घायलों के उपचार और स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।













