एक माह से बंद रास्ता प्रशासन ने खुलवाया, परिवार को मिली राहत
तहसीलदार, पटवारी व पार्षद की मौजूदगी में हुई नापी; जेसीबी से रास्ता खोलकर बहाल कराया आवागमन

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 37 एवं 38 के ढोटी अंतर्गत मारुति नगर में रास्ते को लेकर चल रहे विवाद की शिकायत पर रविवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। तहसीलदार सविता यादव, आरआई-पटवारी, वार्ड पार्षद अनिल कुमार वैश्य, विंध्यनगर पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में स्थल का निरीक्षण कर रास्ते की नापी कराई गई। नापी के बाद प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी से बाधित रास्ता खुलवाकर आवागमन बहाल कराया गया।

बताया गया कि विजय सिंह के मकान के पास सड़क और रास्ते को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। रास्ता बंद होने के कारण आसपास रहने वाले एक परिवार को करीब एक माह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। परिजनों के अनुसार आवागमन बाधित होने से जरूरी कार्यों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। इसका सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा और वे करीब एक माह से स्कूल नहीं जा पा रहे थे।
परिवार की शिकायत पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर भूमि और रास्ते की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए नापी कराई। इसके बाद जेसीबी की मदद से रास्ते पर मौजूद बाधा हटाकर आवागमन शुरू कराया गया।
रास्ता खुलने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई के लिए अधिकारियों का आभार जताया। हालांकि मौके पर संबंधित पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिले और दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात रखते नजर आए। प्रशासन की कार्रवाई के बाद फिलहाल रास्ता आवागमन के लिए खोल दिया गया है।













