खेलेगा भारत, जीतेगा भारत: राष्ट्रीय खेल दिवस पर एनटीपीसी विंध्याचल में खेल उत्सव
खेल भावना के साथ साइकिल रैली, दौड़ और रिले प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों व परिवारजनों ने लिया हिस्सा

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में फिट इंडिया की थीम “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता एवं वरिष्ठ प्रबंधन टीम ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद एनटीपीसी गीत और खेल प्रतिज्ञा का आयोजन किया गया। खेल प्रतिज्ञा अंग्रेजी में किशोर कुमार होता तथा हिंदी में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश ने दिलाई। कार्यक्रम में 200 से अधिक कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों में पुरुष एवं महिला 100 मीटर दौड़, पुरुष-महिला एवं मिश्रित रिले दौड़ तथा मेंटर-मेंटी रेस आयोजित की गईं। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
30 अगस्त को समारोह का समापन साइकिल रैली के साथ हुआ। रैली का नेतृत्व किशोर कुमार होता ने किया। कर्मचारियों, परिवारजनों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

रैली में डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएं), शिवप्रसाद, महाप्रबंधक (एफएम), मृणालिनी, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), प्रणव वर्मा, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा दक्षिण अफ्रीका से आए ESKOM के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। आयोजन ने एनटीपीसी विंध्याचल की स्वस्थ, सक्रिय एवं खेल-केंद्रित कार्यसंस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत किया।













