संत रविदास यात्रा का नगर परिषद सरई में हुआ भव्य स्वागत

सरई। संत शिरोमणि रविदास की स्मृति एवं उनके विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही संत रविदास यात्रा का नगर परिषद सरई में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के नगर आगमन पर नगर परिषद की ओर से पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं यात्रियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह मरकाम की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ पार्षद प्रेम सिंह भाटी, पार्षद प्रतिनिधि महिपाल सिंह, संतोष जायसवाल एवं बबलू गुप्ता सहित नगर के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नगर परिषद के कर्मचारियों ने भी स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान संजय साकेत, विजय जायसवाल, दिनेश साकेत, विनय साकेत सहित नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे। स्वागत के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण करते हुए समानता, भाईचारे एवं मानवता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने नगर परिषद सरई द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह मरकाम ने कहा कि संत रविदास का जीवन समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है।
उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। ऐसी यात्राएं सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पार्षद प्रेम सिंह भाटी ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की राह दिखाते हैं। उनकी शिक्षाएं मानवता और सद्भाव का संदेश देती हैं। संत रविदास यात्रा के माध्यम से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के नगर आगमन से सरई का वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आया। नगरवासियों एवं परिषद के जनप्रतिनिधियों-कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक यात्रा का स्वागत किया।











