राष्ट्रीय खेल दिवस पर सिंगरौली में साइकिल रैली और अंडर-17 क्रिकेट का आयोजन, युवाओं ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

सिंगरौली। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से 30 अगस्त 2026 को साइकिल रैली एवं अंडर-17 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के.एम. के मार्गदर्शन में यह आयोजन प्रातः 8 बजे राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम से शुरू हुआ।
कलेक्ट्रेट होते हुए स्टेडियम पहुंची साइकिल रैली
साइकिल रैली को खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम से शुरू होकर कलेक्ट्रेट के पास पहुंची और रिलायंस चौराहा, कॉन्वेंट चौराहा, ट्रामा सेंटर एवं थाना रोड होते हुए वापस राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में संपन्न हुई। रैली में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर ‘स्वस्थ जीवन–सकारात्मक सोच’ का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार ने उपस्थित प्रतिभागियों एवं आमजन को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। आयोजन को सफल बनाने में विंध्याचल समिति, विंध्यनगर के इमरान खान एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा, समिति द्वारा प्रतिभागियों को खेल किट भी उपलब्ध कराई गई।
आदित्य-11 ने 24 रन से जीता रोमांचक मुकाबला
साइकिल रैली के बाद अंडर-17 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में बलियारी-11 और आदित्य-11 के बीच 10 ओवर का रोमांचक मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आदित्य-11 ने निर्धारित 10 ओवर में 61 रन बनाए। जवाब में बलियारी-11 की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 24 रन से मुकाबला हार गई। प्रतियोगिता में ध्रुव शर्मा मैन ऑफ द मैच और काजल बेस्ट बॉलर रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह एवं समाजसेवी हीरा शुक्ला उपस्थित रहे, जिन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड, ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया तथा सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट व खेल किट प्रदान कर उत्साहवर्धन किया।
खेल से अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश
कार्यक्रम के जरिए युवाओं को यह संदेश दिया गया कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का भी प्रभावी साधन है। युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस एवं खेल तथा युवा कल्याण विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राकेश कुमार मिश्रा, प्रियंक तिवारी एवं शालू खान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











