अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई, किराना दुकान से पकड़ी करीब 45 लीटर शराब
सिंगरौली। थाना सरई अंतर्गत पुलिस चौकी तिनगुड़ी की टीम ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम छंदना से एक व्यक्ति को शराब सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शियाज़ के.एम. के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, एसडीओपी गायत्री तिवारी एवं थाना प्रभारी सरई प्रह्लाद सिंह मर्सकोले के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छंदना में एक व्यक्ति अपनी किराना दुकान में अवैध रूप से शराब बिक्री हेतु रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी की दुकान से सफेद बोरी व कागज के कार्टून में रखी विभिन्न प्रकार की देशी-विदेशी शराब एवं बीयर बरामद हुई।
बरामद शराब में 80 शीशी देशी प्लेन मदिरा, 44 शीशी लाल मसाला, किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियम बीयर के 22 केन, बोल्ट बीयर के 8 केन, बीयर माउंट 6000 की 7 बोतल, 8 PM स्पेशल व्हिस्की की 4 शीशी और टान 4 हाई पावर व्हिस्की की 14 शीशी शामिल है। कुल मिलाकर लगभग 45 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19,961 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नागेन्द्र प्रसाद कुशवाह पिता छोटेलाल कुशवाह, उम्र 47 वर्ष, निवासी छंदना, चौकी तिनगुड़ी, थाना सरई, जिला सिंगरौली बताया। शराब रखने व बिक्री का वैध कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत थाना सरई में अपराध क्रमांक 698/2026 दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अमन वर्मा (चौकी प्रभारी तिनगुड़ी), सउनि उमेश द्विवेदी, प्र.आर. अमित जायसवाल, प्र.आर. संदीप सिंह, आर. सावन देवडे एवं आर. प्रमोद का सराहनीय योगदान रहा।











